
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना इंदौरा की चौकी ढांगूपीर के तहत चक्की खड्ड से पुलिस ने रविवार को एक युवक का शव अपने कब्जे में लिया है। मृतक की पहचान बलवीर सिंह (21) पुत्र संसार सिंह निवासी गार्डन कॉलोनी पठानकोट के रूप में हुई है। रविवार को जब कुछ लोगों ने चक्की खड्ड में संदिग्ध अवस्था में पड़े युवक के शव को देखा तो इसकी सूचना ढांगूपीर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही नूरपुर के डीएसपी राजीव अत्री और ढांगूपीर चौकी के प्रभारी एएसआई महिंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि मृतक की शिनाख्त बलवीर सिंह निवासी पठानकोट के रूप में हुई है। उसके परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक बलवीर दो दिन से अपने घर से लापता था। बलवीर सिंह किसी काम को लेकर चक्की की तरफ आया था, लेकिन अंधेरे में पैर फिसलने के कारण 80 फुट गहरी खाई में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सीआरपीसी 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल में भेजा गया है।
ढांगूपीर में स्टोव फटने से महिला झुलसी
कंडवाल (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर के तहत ढांगूपीर गांव में रविवार दोपहर स्टोव फ टने से एक महिला गंभीर रूप से जल गई। 26 वर्षीय मंजू बाला पत्नी पवन कुमार निवासी ढांगूपीर अपने घर में चाय बना रही थी तथा उसका पति दूध लेने बाजार गया हुआ था। अचानक स्टोव फट जाने से मंजू बाला आग की लपटों में गिर गई। जब उसका पति दूध लेकर घर लौटा तो उसने देखा की उसकी पत्नी आग की लपटों में घिरी हुई थी। उसने आग बुझाकर उसे तुरंत उपचार के लिए पठानकोट के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। इस हादसे में महिला 80 प्रतिशत से ज्यादा जल चुकी है तथा उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है
