
धर्मशाला। ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेर्ट्स महासंघ ने ट्रांसपोर्टरों की संयुक्त एक्शन कमेटी की ओर से टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में चक्का जाम करने के ऐलान पर विरोध जताया है। प्रदेश सरकार की ओर से टैक्सियों और अन्य कामर्शियल वाहनों के टैक्स में की गई वृद्धि पर ट्रांसपोर्टरों की संयुक्त एक्शन कमेटी ने चक्का जाम का निर्णय लिया है। ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेर्ट्स महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रेम सूद ने कहा कि संयुक्त एक्शन कमेटी के चक्का जाम का महासंघ से कोई लेना-देना नहीं है। न ही महासंघ इसका समर्थन करता है। हाल में शीतकालीन पर्यटन सीजन आरंभ हुआ है। ऐसे में ट्रांसपोर्र्ट्स की संयुक्त एक्शन कमेटी द्वारा चक्का जाम करने से पर्यटन उद्योग को नुकसान उठाना पड़ेगा।
महासंघ ने प्रदेश भर के टैक्सी ऑपरेर्ट्स से संयुक्त एक्शन कमेटी द्वारा प्रस्तावित चक्का जाम में भाग न लेने का आह्वान किया है। पर्यटन सीजन में चक्का जाम का कोई औचित्य नहीं है। अधिकतर युवाओं ने बैंकों से ऋण लेकर टैक्सियां डाली हैं, ऐसे में यदि चक्का जाम या सरकार के निर्णय पर विरोध जताया जाता है तो टैक्सी आपरेटर्स सहित पर्यटन उद्योग प्रभावित होगा। महासंघ ने प्रदेश सरकार से टैक्सियों व कामर्शियल वाहनों के टैक्स में की गई वृद्धि पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
