चकाचक होंगे चंबा शहर के मोहल्ले

चंबा। शहर के मोहल्ले जल्द ही सजे संवरे नजर आएंगे। शहर के जिन मोहल्लों में सड़कें नहीं हैं, वहां पर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा हर गली को पक्का किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद को लगभग 17 लाख रुपये मंजूर हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक नगर परिषद की ओर से शहर के कुछ वार्डों में सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे लोगों को अपने वाहनों को घर तक ले जाने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कच्चे पैदल रास्तों को पक्का किया जाएगा। इसके अलावा गलियों में टाइलें बिछाई जाएंगी, वहीं कुछ जगह सड़कों पर तारकोल बिछाने का काम किया जाएगा। नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि नगर परिषद शहर के कुछ वार्डों में सड़क का निर्माण करेगी। इसके अलावा कच्ची सड़कों पर तारकोल बिछाई जाएगी। इसके लिए नगर परिषद को लगभग 17 लाख रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है शहर के कई वार्डों में गलियों और पैदल रास्तों की हालत काफी दयनीय बनीं हुई है। पैदल रास्तों और गलियों की लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए हैं। इस कारण शहरवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कई वार्डों में सड़कें नहीं बन पाई हैं। इस कारण वाहन के घर तक ले जाने में स्थानीय बाशिंदों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

Related posts