
चंबा। जिला चंबा में बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा चरमरा गई है। सोमवार को जिला मुख्यालय समेत विभिन्न इलाकों में ब्राडबैंड सेवा पूरी तरह से ठप रही। इस कारण उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ता प्रवीन कुमार, रमेश कुमार, अशोक कुमार, अजय कुमार, दीपक कु मार, राकेश कुमार, हेम राज, दिनेश सिंह व विनीत ने बताया कि ब्राडबैंड सेवा ठप होने के कारण बैंकों में सारा दिन कामकाज ठप रहा। इसके अलावा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि यह समस्या पिछले कई दिनों से चली आ रही है। हालांकि पहले ब्राडबैंड बीच-बीच में प्रभावित हो रहा था, लेकिन सोमवार को यह सेवा दोपहर बाद से लेकर देर शाम तक पूरी तरह ही ठप रही। उन्होंने बताया कि जिला में कभी ब्राडबैंड सेवा पूरी तरह से ठप पड़ जाती है तो कभी इंटरनेट काफी धीमी गति से चलता है। इस कारण उपभोक्ताओें को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भारत संचार निगम से मांग की है कि जिला में ब्राडबैंड सेवा सुचारू की जाए। निगम के जेटीओ ने बताया कि पीछे से ही खराबी आने के कारण सेवा प्रभावित हुई है। इसे दुरुस्त करने की कोशिश की जा रही है।
उधर, दिन भर बीएसएनएल की मोबाइल सेवा भी प्रभावित रही। मोबाइल फोन सेवा तो सुबह से ही प्रभावित हो गई थी। इस कारण उपभोक्ताओं को एक-दूसरे से संपर्क करने के लिए दूसरी कंपनियों की सेवाओं का सहारा लेना पड़ा। मोबाइल सेवा ठप होने के कारण बीएसएनएल के अधिकारियों से भी संपर्क नहीं हो पाया।
