
चंबा। आग उगल रहे सूर्यदेव का कहर पहाड़ों में भी लगातार जारी है। जिला चंबा में दिन प्रतिदिन तापमान बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में ऊना और सुंदरनगर के बाद चंबा में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। तापमान में हो रही बढ़ोतरी ने शहर वासियों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। शनिवार को जिला का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। घरों के नलों से गर्म पानी आ रहा है और पंखे गर्म हवा दे रहे हैं। प्राकृतिक जल स्रोत पूरी तरह सूख गए हैं। जिला के दर्जनों गांव सूखे की चपेट में आ गए हैं। ऊपरी पहाड़ियों में बसे लोग पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। सूर्यदेव के कहर ने खेतों में उगी फसलों और सब्जियों को झुलसा दिया है। यह पहली दफा देखने को मिल रहा है कि चंबा जिला में तापमान में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। बढ़ती गर्मी में लोगों को छाता लेकर घरों से निकलना पड़ रहा है। उधर, मैदानोें की तपिश से राहत पाने के लिए आ रहे सैलानी भी उबलते पहाड़ों को देख दंग हैं। उन्हें यहां आकर निराश होना पड़ रहा है।
बाक्स
आज राहत दे सकता है मौसम
रविवार को मौसम लोगों को थोड़ी राहत दे सकता है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को प्रदेश के साथ लगते जम्मू-कश्मीर की पहाड़ियों में पश्चिमी विक्षोभ का केंद्र है। इससे रविवार को आसमान में बादल आने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग शिमला के सहायक मौसम विज्ञानी विजय कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से गर्मी मेें थोड़ी कमी आएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार के बाद मौसम फिर से साफ रहेगा। इससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
बाक्स
शीतल पेय की डिमांड में उछाल
जिला में गर्मी से निजात पाने के लिए लोग शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं। बढ़ती गर्मी के चलते कोल्ड ड्रिंग्स की डिमांड बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों को भी शीतल पदार्थों की भारी सप्लाई जा रही है। नींबू पानी की रेहड़ियों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
बौस
बिजली कट बढ़ा रहे परेशानी
झुलसा देने वाली गर्मी में बिजली के कट चंबा वासियों का पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। प्रचंड गर्मी में बिजली गुल होने पर लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। बिजली के मामूली कट भी लोगों के लिए बढ़ी समस्या खड़ी कर रहे हैं।
