
चंबा। जिला चंबा में विद्यार्थी स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी अमीनिया मुक्त अभियान शुरू नहीं हो पाया है। अभी तक जिला में आयरन और फोलिक एसिड की दवाओं की खेप नहीं पहुंच पाई है। इससे हर सप्ताह स्कूली बच्चों को आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां खिलाकर स्वस्थ बनाने की योजना अधर में लटक गई है। विभाग का कहना है कि स्वास्थ्य निदेशालय की ओर दवाइयां मुहैया न करवाने की वजह से अभियान शुरू करने में देरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग ने विद्यार्थियों को स्कूलों में हर सप्ताह आयरन की गोलियां खिलाने के निर्देश जारी किए थे। कुछ जिलों में यह योजना शुरू भी हो चुकी है, लेकिन जिला चंबा में अभियान शुरू नहीं हो पाया है। स्वास्थ्य विभाग आयरन की गालियों की सप्लाई शिक्षा विभाग में नियुक्त किए गए नोडल आफिसर को सौंपता है और नोडल अधिकारी संबंधित स्कूलों के शिक्षकों को आयरन की गोलियां देता है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शिक्षकों को बच्चों को गोलियां खिलाने के साथ खुद भी आयरन की गोलियां खानी पड़ती है। दवाइयां न पहुंचने से विद्यार्थी अमीनिया मुक्त अभियान शुरू होने का इंतजार और लंबा होता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग अगस्त माह में अभियान को शुरू करने की बात कह रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राकेश वर्मा ने बताया कि अनीमिया के खात्मे के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यह अभियान शुरू किया है। आयरन की गोलियों का सेवन विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद रहता है।
वहीं, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य निदेशालय ने अगस्त माह में अभियान शुरू करने की बात कही है। आयरन की दवाइयों की थोड़ी सप्लाई पहुंच गई है। दवाइयों की पूरी सप्लाई पहुंचते ही जिला में अभियान जोर शोर से शुरू कर दिया जाएगा।
