चंबा में खोला जाएग मेडिकल कालेज

चंबा। पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन इकाई भलेई ने स्वास्थ्य मंत्री से चंबा में मेडिकल कालेज खोलने की मांग की है। लचोड़ी में आयोजित हुई बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष धर्म चंद शर्मा ने की। बैठक के दौरान वीरभद्र सिंह को छठी बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी गई। इस अवसर पर पेंशनरों ने नई सरकार से मांग की है कि उन्हें पंजाब की तर्ज पर 500 रुपये मासिक चिकित्सा भत्ता दिया जाए। इसके अलावा 70 और 75 वर्ष की आयु पार करने वाले पेंशनरों की पेंशन में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्म चंद शर्मा ने बताया कि पेंशनरों के चिकित्सा बिलों के लिए बजट की कमी होने के कारण बिलों की अदायगी समय पर नहीं होती है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि पेंशनरों के चिकित्सा बिलों की अदायगी के लिए विशेष बजट का प्रावधान किया जाए। इसके अलावा बैठक में जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ और ईएनटी विशेषज्ञ तैनात करने की मांग भी उठी। इसके अलावा राजस्व मंत्री से जिला चंबा का राजस्व बंदोबस्त शीघ्र करवाने की अपील की है। बैठक में पेंशनरों ने प्रस्ताव पारित किया है कि सामाजिक कार्यों के लिए वेलफेयर फंड का सृजन किया जाएगा। अप्रैल माह में होने वाली आम सभा में इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस अवसर पर कैलाश चंद, धर्म चंद, शक्ति कुमार, हेमराज, विरेंद्र कुमार और भगत राम उपस्थित थे।

Related posts