
चंबा। नगर परिषद में कार्यकारी अधिकारी न होने के कारण शहरवासियों के राशनकार्ड नहीं बन रहे हैं। इस कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासी राशन कार्ड बनाने के लिए रोज-रोज नगर परिषद कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन ईओ न होने के कारण उन्हें बिना राशन कार्ड बनाए वापस लौटना पड़ रहा है। नगर परिषद कार्यालय में राशन कार्ड बनाने वालों के 200 से ज्यादा आवेदन पहुंच चुके हैं, लेकिन बिना ईओ के शहरवासियों के राशन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। हालांकि सरकार की ओर से डलहौजी नगर परिषद की ईओ को चंबा नप का अस्थायी कार्यभार सौंपा गया है, लेकिन वह महीने में एक बार चंबा नप में सेवाएं देने के लिए पहुंचती हैं। ऐसे में एक साथ सारे काम निपटाना उनके लिए भी मुश्किल है। शहरवासियों का कहना है कि सत्ता परिवर्तन के साथ ही इस महत्वपूर्ण नगर परिषद से ईओ का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह किसी को तैनात नहीं किया जा सका है। शहरवासी राकेश कुमार, विरेंद्र सिंह, दिनेश कुमार, अजय, रोहित कुमार, सुभाष सिंह, जोगिंद्र, रामेशवर और धीरज ने बताया कि वे राशन कार्ड बनाने के लिए रोज-रोज नगर परिषद के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन ईओ न होने के कारण उनके राशन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इस कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा एनओसी से लेकर अन्य कई कार्य लटके हुए हैं। उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि जल्द स्थायी ईओ की नियुक्ति की जाए और उनके राशन कार्ड बनाए जाएं। इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि नप में स्थायी ईओ न होने के कारण राशन कार्ड और अन्य काम निपटाने में दिक्कतें पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि चंबा नगर परिषद का दायरा बहुत बड़ा है। इसमें 11 वार्ड हैं इसके चलते बिना स्थायी ईओ कामकाज काफी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ईओ के रिक्त पद को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
