चंबा नप के दुकानदारों पर 53 लाख बकाया

चंबा। नगर परिषद चंबा की ओर से लीज पर दी गई दुकानों का दुकानदार किराया जमा नहीं करवा रहे हैं। इस कारण नगर परिषद के लगभग 53 लाख रुपये दुकानदारों के पास फंसे हुए हैं। नगर परिषद से मिली जानकारी के मुताबिक नगर परिषद की ओर से शहर में 469 के करीब दुकानें लीज पर दी गई हैं। इनमें से कुछ खोखे भी शामिल हैं। इन दुकानों और खोखों का नगर परिषद का लगभग 53 लाख रुपये दुकानदारों पर बकाया हो गया है, लेकिन दुकानदार लीज रेंट देने में आनाकानी कर रहे हैं। इस कारण नप का पैसा बाहर फंसा हुआ है। नगर परिषद की ओर से 150 रुपये से लेकर 3100 रुपये तक के रेट के हिसाब से छोटी बड़ी दुकानें लीज पर दी गई हैं। खोखे वालों से नगर परिषद की ओर से प्रतिमाह 150 से 200 रुपये तक की राशि वसूल की जाती है। इसके अलावा बड़े दुकानदारों से 867 रुपये से लेकर 3100 रुपये तक किराया लिया जाता है, लेकिन लंबे समय से दुकानदार किराया देने में आनाकानी कर रहे हैं। नगर परिषद की ओर से बार-बार नोटिस देने के बावजूद दुकानदार किराया देने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहेहैं। इस कारण नगर परिषद की लाखों रुपये की राशि दुकानदारों के पास फंसी हुई है। इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि जिन दुकानदारों से 40 हजार से ज्यादा किराया वसूल करना है उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा 50 से ज्यादा लोगों के कोर्ट में केस चल रहे हैं। उन्होंने दुकानदारों की हिदायत दी है कि लीज पर ली गई दुकानों का समय पर किराया चुकता करें। ऐसा न करने पर नगर परिषद की ओर से कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Related posts