चंबा के गनी ने जीता हवाण का दंगल

कंदरौर (बिलासपुर)। लखदाता अखाड़ा कुश्ती कमेटी हवाण के तत्वावधान में आयोजित दंगल के तहत मुख्य कुश्ती का खिताब चंबा के गनी पहलवान ने जीता। वहीं, छोटी माली में पंजाब के लाली ललिया विजयी रहे। गत शनिवार शाम समापन अवसर पर सदर के विधायक बंबर ठाकुर ने विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया।
हवाण में गत शनिवार को दोपहर के समय दंगल का उद्घाटन राज्य सहकारी बैंक की त्रिफालघाट शाखा के प्रबंधक जयदेव चांदले ने किया। उन्होंने आयोजक कमेटी को 5100 रुपए की राशि प्रदान की। पहलवानाें के दांवपेंच देखने के लिए काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हुई थी।
आरंभिक मुकाबलों के बाद खिताबी मुकाबले शुरू हुए। छोटी माली के खिताब के लिए पंजाब के लाली ललिया व हरियाणा के मेजर विजय के बीच जोर-आजमाइश हुई। इसमें लाली ने बाजी मारी। उन्हें गुर्ज व 4100 रुपये तथा उपविजेता को 3100 रुपए का इनाम दिया गया। मुख्य कुश्ती का खिताब चंबा के गनी पहलवान ने फगवाड़ा के शम्मी को हराकर अपने नाम किया। गनी को गुर्ज व 11 हजार रुपए तथा शम्मी को 9 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। मुख्य कुश्ती के विजेता को सूरज कपिल सोनी, जबकि छोटी माली के विजेता को रामनाथ राजपूत की ओर से गुर्ज प्रदान किए गए। इस मौके पर अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष संजय कश्यप व बीडीसी सदस्य आेंकार पाठक के साथ ही सूंकाराम, लेखराम, पवन कुमार, अनिल, रणवीर शर्मा, करतार सिंह व राजेश आदि भी मौजूद थे।

Related posts