
चंपावत/टनकपुर। विजया दशमी के पर्व पर दशानन परिवार के सदस्यों का पुतला दहन किया गया। चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में भारी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी में रावण और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम के आयोजक एबीसी आल्मा मैटर स्कूल के प्रबंधक मदन सिंह महर के नेतृत्व में विद्यालय के बच्चों ने राम रावण युद्ध का मंचन किया। जिसमें रावण की मौत और सत्य की जीत हुई। देर सांय तक चले आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया।
मुख्यालय में बीते चार पांच सालों से रावण परिवार के पुतलों के दहन की परंपरा शुरू की गई है। जिसका श्रेय मदन महर को जाता है। आयोजन में पीलीभीत और बरेली से आए कलाकारों की ओर से रावण, मेघनाथ और कुंभकरण आदि के आकर्षक पुतले तैयार किए जाते हैं। जोरदार आतिशबाजी के बीच पुतलों के दहन का नजारा बेहद आकर्षक होता है, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग गोरलचौड़ मैदान में पहुंचे हुए थे।
