
बिलासपुर। करीब दो सप्ताह पूर्व शहर से लापता नाबालिग को पुलिस ने ढूंढ निकाला है। इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी युवक की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को नाबालिगा को चंडीगढ़ में बरामद किया। उसका मेडिकल कराया जा रहा है।
शहर की एक नाबालिग गत दो जून को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने तीन जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार दो जून को उनकी 15 वर्षीय बेटी व 11 वर्षीय बेटा घर पर अकेले थे। दोपहर के समय एक औरत उनके घर आई थी। वह उनकी बेटी को यूको बैंक तक छोड़ने के बहाने अपने साथ ले गई थी, जिसके बाद बेटी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने घर आई उस अज्ञात औरत पर उनकी बेटी को अगवा करने का संदेह जताया था।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि छानबीन के दौरान खुलासा हुआ था कि नाबालिग को कोई औरत नहीं, बल्कि शहर की इंदिरा कालोनी का कर्ण नामक युवक चंडीगढ़ की ओर ले गया था। इसके आधार पर पुलिस ने कर्ण को गिरफ्तार किया था, जो 19 जून तक पुलिस रिमांड पर है। रविवार को कर्ण की निशानदेही पर नाबालिग को चंडीगढ़ के सेक्टर-15 ए फ्लोरल पार्क से बरामद कर लिया गया। उसका मेडिकल करवाने के साथ ही इस मामले में अगली कार्रवाई भी की जा रही है।
