
कसौली (सोलन)। गढ़खल-सनावर पंचायत में कार्यप्रणाली सड़क से कुर्सी तक घोटालों के आरोपों से घिर गई है। 100 कुर्सियों की खरीद के मामले में और 500 मीटर सड़क निर्माण को मंजूर फंड में बरती गई अनियमितता के आरोपों के तहत महिला प्रधान पर धोखाधड़ी और गबन की एफआईआर दर्ज की गई है। कोर्ट के आदेशों के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। कसौली थाना के एसएचओ अशोक राणा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कसौली कोर्ट के एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मेजिस्ट्रेट के आदेशों के तहत पुलिस ने पंचायत प्रधान उर्मिल शर्मा पर 420 धोखाधड़ी और 406 अमानत में खयानत का मुकदमा कायम किया है।
केस नंबर एक
बाहरी राज्य से खरीदी कुर्सियां
महिला मंडल की प्रधान वंदना अत्री ने कोर्ट में प्रधान गढ़खल सनावर पंचायत के खिलाफ शिकायत दी। जिसमें कहा गया है कि 100 कुर्सियां खरीदने के लिए जिला से 30 हजार की रकम जारी हुई। करीब 70 कुर्सियों की खरीद बिना उपायुक्त, जिला पंचायत अधिकारी और खंड विकास अधिकारी की अनुमति से बाहरी राज्यों से खरीद कर डाली। वहीं धर्मपुर, परवाणू में इसके टेंडर के लिए लोगों ने आवेदन कर रखे थे। जिसमें धन के दुरुपयोग के आरोप लगे हैं।
केस टू
500 मीटर में सिर्फ 80 मीटर निर्माण
दूसरे मामले में गढ़खल गांव से लेकर एक दुकान तक लिंक मार्ग के निर्माण तक स्वीकृत 01 लाख 50 में अनियमितता के आरोप हैं। यह करीब पांच सौ मीटर लंबा है। परंतु निर्माण महज 80 मीटर तक हुआ है। जिसमें भी अपने स्वार्थ के लिए सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं।
सारी साजिश मेरे खिलाफ : उर्मिल शर्मा
वहीं इस संबंध में पंचायत प्रधान उर्मिल शर्मा के अनुसार क्षेत्र का विकास कुछ लोग पचा नहीं पा रहे हैं। यह षड्यंत्र एक महिला प्रधान को कुर्सी से हटाने का है। कुछ रसूखदारों के मनमाने और नियमों के खिलाफ काम वह नहीं कर रही हैं। अपनी ड्यूटी ईमानदारी से कर रही हैं, जिसके चलते कुछ लोग साजिश रचकर कुर्सी हथियाना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि किसी तरह से धन का दुरुपयोग उन्होंने नहीं किया है।
