घुमारवीं ने जीता हाकी का उद्घाटन मैच

बिलासपुर। लड़कों की जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता स्थानीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला में सोमवार से आरंभ हो गई। चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन उच्च शिक्षा उप निदेशक प्रीतम सिंह ढटवालिया ने किया। हाकी, फुटबाल, हैंडबाल, बास्केटबाल व जूडो स्पर्धाओं में जिले के 23 सरकारी व निजी स्कूलों के लगभग 350 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
ढटवालिया ने कहा कि तंदरुस्त शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क वास करता है। खेलों में भाग लेने से जहां बच्चों का शारीरिक व बौद्धिक विकास सही ढंग से होता है। उनमें अनुशासन, भाईचारे व प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। उन्हाेंने खिलाड़ियों को खेल भावना को सर्वोपरि बनाए रखने की सलाह दी। इससे पहले मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य केएल शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
सोमवार को पहले दिन बास्केटबाल के मुकाबलों में सरकारी स्कूलों का पलड़ा भारी रहा। हटवाड़ ने शिक्षा अकादमी घुमारवीं को 19-2, गेहड़वीं ने मिनर्वा स्कूल घुमारवीं को 29-2 तथा कंदरौर ने आर्यन स्कूल को 44-7 के अंतर से शिकस्त दी। हाकी में घुमारवीं ने हटवाड़ को 5-3 से हराया। फुटबाल में बंदला ने रानीकोटला को 12-0 के भारी-भरकम अंतर से हरा दिया। दूसरे मुकाबले में एसवीएम बिलासपुर ने मिनर्वा स्कूल घुमारवीं को पेनल्टी शूट आउट में 2-0 से पराजित किया। इस मौके पर प्रतियोगिता के प्रभारी एवं एडीपीईओ धर्मपाल वधान, एसएमसी अध्यक्ष नवीन वर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष रजनी शर्मा, पार्षद सोमा देवी, सोनिका शर्मा, सेवानिवृत्त एडीपीईओ हंसराज कपिल, कन्या पाठशाला की प्रधानाचार्या महिमा लखनपाल, चांदपुर के अमरजीत ठाकुर, मल्यावर के राजकुमार शर्मा तथा डीपीई राजकुमार राणा, डा. भारत भूषण चब्बा व पवन कुमार आदि भी मौजूद थे।

Related posts