घासणी में लगी आग की चपेट में आने से कार जली

सुंदरनगर (मंडी)। यहां के जंगम बाग के निकट सड़क किनारे खड़ी एक मारुति कार घासणी में लगी आग की चपेट में आ गई। इसके कारण कार के टायरों में आग लग गई और कार आग की चपेट में आने से पूरी तरह से राख हो गई। सूचना मिलने पर दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंचे, परंतु जब तक वे आग को बुझाने की कवायद आरंभ करते कार पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धवाल निवासी दया राम ने बुधवार सुबह अपनी कार जंगम बाग के निकट सड़क किनारे खड़ी कर रखी थी। इस दौरान वहां निकट ही किसी ने घासणी में आग लगा दी। जो फैल कर सड़क किनारे तक जा पहुंची। इसके कारण मारुति के टायर भी आग की चपेट में आ गए, जिनमें लगी आग फैलने से पूरी कार जल गई। जब स्थानीय लोगों को आगजनी का पता चला तो उन्होंने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी, परंतु जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, कार जल चुकी थी। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

Related posts