
काशीपुर। विधायक हरभजन सिंह चीमा ने सरकारी अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण किया। रोगियों से भोजन और दवा के संबंध में जानकारी ली। सड़क दुर्घटना में घायल बालिका की कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान दुर्घटना में घायल छात्रा के पिता ने बताया कि बस मालिक उसे धमका रहा है।
शुक्रवार को विधायक चीमा ने अस्पताल में भर्ती रोगियों से पूछा कि उनके बेड की चादरें कितने दिन में बदली जाती हैं। भोजन ठीक मिल रहा या नहीं, दवा अस्पताल से दी जा रही या बाजार से मंगाई जा रही है। रोगियाें ने बताया कि चादरें दूसरे दिन बदली जाती हैं। दवाएं अस्पताल से मिल रही हैं। भोजन भी समय पर और ठीक मिल रहा है। इसके बाद चीमा ने बीते दिन एक प्राइवेट बस की टक्कर से स्कूटी सवार जीजीआईसी की छात्रा पूजा कांबोज का हाल चाल पूछा। दुर्घटना में पूजा की छोटी बहन की मौत हो गई थी।
पूजा के पिता ने चीमा को बताया कि जिस बस की टक्कर से उसकी एक पुत्री पायल की मौत हो गई और पूजा का पैर फ्रैक्चर हो गया है। आईटीआई पुलिस ने उस बस के बजाय दूसरी बस को पकड़ा है। अब बस का मालिक उसको धमकी दे रहा था। चीमा ने डा. आरके सुंदरियाल से बच्ची के उपचार में कोई कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया है। चीमा के साथ भाजपा नेता जगजीत सिंह जग्गी थे।
