घाट के लोग 17 किमी दूर से ढो रहे सिलेंडर

गोपेश्वर। आपदा से संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से जनपद के कई इलाकों में रसोई गैस सप्लाई नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों के सामने चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है। संपर्क मार्ग बंद होने से पोखरी, घाट और जोशीमठ क्षेत्रों में पिछले डेढ़ माह से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो पाई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर नहीं मिलने से जहां लोग लकड़ी जलाकर चूल्हों में खाना बना रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में लोग स्टोव में खाना पका रहे हैं। जनपद में 93 हजार चार सौ 80 उपभोक्ता हैं। यहां प्रतिमाह 36 हजार छह सौ गैस सिलेंडरों की जरूरत है। घाट क्षेत्र के लक्ष्मण सिंह राणा का कहना है कि ग्रामीण करीब 17 किमी पैदल चलकर नंदप्रयाग से भरा सिलेंडर पीठ में लादकर ला रहे हैं। इधर जिला पूर्ति अधिकारी आरएस राणा ने भी माना कि संपर्क मार्ग अवरुद्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़क मार्ग तक सिलेंडर पहुंचा रहे हैं, जहां उन्हें भरा सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

Related posts