घर वापसी को बेताब भीड़ बेकाबू होते देख जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए :

मैहतपुर (ऊना)/गगरेट

मैहतपुर में सोमवार को उमड़ी भीड़।
पंजाब, हरियाणा तथा चंडीगढ़ में कई दिन से फंसे हिमाचली लोगों का आना सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार तड़के ही लोग मैहतपुर पहुंचना शुरू हो गए। भीड़ बेकाबू होते देख जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलते ही डीसी संदीप कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। सीएमओ डॉ. रमन शर्मा, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल शर्मा समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बाहर से आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की।
उसके बाद प्रवेश की अनुमति दी गई। रविवार रात से एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन दल-बल के साथ प्रवेश द्वार के हालात पर नजर बनाए हैं। मैहतपुर में एसपी गोकुलचंद्रन ने कहा कि कांगड़ा समेत अन्य जिलों के लोगों को जो प्रदेश के बाहर विभिन्न जगहों फंसे थे, उन्हें जांच के बाद आगे भेजा गया है।

इन्हें होम क्वारंटीन रहने के अलावा स्थानीय बीएमओ को सूचित कर नियमित स्वास्थ्य जांच के आदेश दिए हैं। प्रवेश नाके के रिकॉर्ड के मुताबिक रविवार तथा सोमवार को करीब एक हजार चार सौ वाहन तथा करीबन साढ़े पांच हजार हिमाचली दूसरे राज्यों से राज्य में प्रवेश कर चुके हैं।
गगरेट बैरियर पर घर वापसी को बेताब दिखे हिमाचली
लॉकडाउन के दौरान बाहरी राज्यों में रह रहे हिमाचली लोगों को प्रदेश में आने को ऑनलाइन पास की सुविधा मिलने के बाद हिमाचल-पंजाब बॉर्डर पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। गगरेट के आशा देवी बॉर्डर पर सुबह लगभग 300 गाड़ियों पहुंच गई थीं। प्रदेश पुलिस लोगों के नाम-पते लिखकर उन्हें प्रवेश की अनुमति दे रही है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी की थर्मल स्कैनिंग कर रही है। बीते रविवार को बॉर्डर से हिमाचल में प्रवेश करने वालों का आंकड़ा कम था। सोमवार सुबह से लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। सूत्रों के मुताबिक सोमवार शाम तक लगभग 1000 गाड़ियां हिमाचल में प्रवेश कर चुकी थीं।

उधर, गगरेट थाना प्रभारी हरनाम सिंह ने बताया कि ऑनलाइन पास के आधार पर लोगों को प्रवेश करने की अनुमति दी गई है। उधर, बाहरी क्षेत्रों से चंबा पहुंचे 400 लोगों की स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग की है। सीमावर्ती क्षेत्रों पर विभाग ने स्वास्थ्य जांच केंद्र बनाए हैं। लोगों में बुखार और ऑक्सीजन लेवल भी चेक किया जा रहा है।

 

Related posts