
नई टिहरी। टिपरी-चाह मोटर मार्ग का मलबा कई लोगों के घर में घुस गया जिससे लोगों अपने घर छोड़ दिए और कहीं और शरण ली। जायजा लेने पहुंचे तहसीलदार का घेराव कर ग्रामीणों ने प्रशासन से भूस्खलन रोकने के उपाय करने और प्रभावितों को राहत देने की मांग की।
ग्राम मठियाली के ऊपर हल्की बारिश में भी भूधंसाव हो रहा है। जिससे काफी भूमि तबाह हो गई। मठियाली के कई घरों को खतरा पैदा हो गया। पंचायत सदस्य प्रताप राणा ने बताया कि मलबा आने से उनके मकान तिरछे हो गए हैं और पंचायत भवन भी ध्वस्त हो गया। नंदगांव आंशिक डूब क्षेत्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह राणा ने बताया कि टिपरी-चाह सड़क का मलबा कई घरों में घुस गया। उन्होंने प्रशासन की तरफ से कोई राहत नहीं मिलने पर रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे तहसीलदार का घेराव कर विस्थापन की मांग की।
नंदगांव के पांच परिवारों के घरों में मलबा भर गया है, जिससे उनकी खाद्य सामग्री भी नष्ट हो गई। प्रभावितों को गांव के पंचायत घर और दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। राहत के तौर पर पांचों परिवारों को चार-चार हजार रुपये की मदद की स्वीकृति के लिए एसडीएम को भेजा गया है। मठियाली में भी कई मकान खतरे की जद में है।
