घंटों तक थमे रहे वाहनों के पहिए

स्वारघाट (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर शनिवार शाम मूसलाधार बारिश में सैकड़ों यात्री और सैलानी फंस गए। दरअसल, सड़क के बीचोंबीच एक ट्रक अचानक खराब हो गया। गाड़ी पास होने को जगह नहीं होने के कारण सड़क पर घंटों तक ट्रैफिक जाम लगा। इससे मनाली की ओर जा रहे और वापस लौट रहे देशी-विदेशी सैलानियों सहित आम यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक जाम की वजह से लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। ट्रैफिक जाम इतना अधिक था कि मूसलाधार बारिश के बीच इसे खुलवाने के लिए स्वारघाट थाना के कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर पंजवीरी के समीप शनिवार शाम एक ट्रक में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। मूसलाधार बारिश में ट्रक सड़क के बीचोंबीच फंस गया। अन्य वाहनों को निकलने के लिए जगह नहीं होने के कारण दोनों ओर से वाहनों लंबी लाइन लग गई। इससे मनाली की ओर जाने वाले सैकड़ों सैलानी और अन्य यात्री घंटों तक वाहन में फंसे रहे। कई लोग समय पर अपने गंतव्य नहीं पहुंचे। बिलासपुर आर रहे सुनील सांख्यान ने बताया कि वह चंडीगढ़ से वापस लौट रहे थे। अचानक यहां लंबा जाम लग गया। इस वजह से वह लगभग दो घंटे फंस गए। मनाली जा रहे सैलानी देवेश भट्टाचार्य ने कहा कि वह मनाली में सैर सपाटे को जा रहे हैं, किंतु ट्रैफिक जाम की वजह से वह जाम में फंस गए। परिणामस्वरूप उन्हें बिलासपुर में ही रुकना पड़ा। उधर, एसएचओ स्वारघाट लखवीर सिंह ने बताया कि ट्रक खराब होने के कारण यह जाम लगा था। बारिश के बावजूद पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और जाम को खुलवा दिया।

Related posts