ग्रेड पे न मिलने से डीपीईज खफा

ऊना।(विवेक त्रिपाठी ) शिक्षा विभाग में अन्य शिक्षकों की तरह डीपीईज को ग्रेड पे न मिलने के चलते इस वर्ग के शिक्षकों ने कड़ा ऐतराज जताया है। हिमाचल प्रदेश डीपीईज एसोसिएशन के जिला ऊना महासचिव राजेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश की पूर्व सरकार ने इस वर्ग के शिक्षकों को न सिर्फ ग्रेड पे से वंचित रखा, बल्कि उनके लिए कोई ठोस नीति तक नहीं बनाई गई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डीपीईज और ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स को मिलने वाला मूल वेतन समान है। जबकि ग्रेड पे में काफी भिन्नता है। राजेंद्र सिंह ने कहा कि पंजाब में डीपीईज और ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स को एक समान ग्रेड पे 5 हजार रुपये दिया जा रहा है, जबकि हिमाचल में डीपीईज को 36 सौ रुपये ग्रेड पे दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीपीईज के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कार्यरत पीईटीज को विभाग की ओर से 1 अक्तूबर 2012 से 44 सौ रुपये ग्रेड पे दिया जा रहा है। लेकिन डीपीईज को 3600 रुपये ग्रेड पे पर ही रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह भी दिलचस्प बात है कि जब पीईटीज की प्रमोशन डीपीई के पद पर होगी तो उन्हें 44 सौ रुपये ग्रेड पे से 36 सौ रुपये ग्रेड पे पर आना पड़ेगा। महासचिव ने कहा कि कई बार मामले को मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री के समक्ष भी उठाया गया, लेकिन इस पर कुछ नहीं हुआ। उन्होंने सरकार से मांग की है कि डीपीईज की ग्रेड पे में पाई जा रही भिन्नता को जल्द दूर किया जाए।

Related posts