
अल्मोड़ा। नियमितीकरण और वेतन बढ़ोतरी समेत पांच सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होने से नाराज जिले भर के ग्राम प्रहरियों ने उत्तराखंड ग्राम प्रहरी यूनियन के बैनर तले मंगलवार को नगर में जुलूस निकाल कर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
उत्तराखंड ग्राम प्रहरी यूनियन के आह्वान पर जिले भर के ग्राम प्रहरी चौघानपाटा में एकत्रित हुए और यहां से जुलूस निकाला। जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचा। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि महंगाई के इस दौर में भी ग्राम प्रहरियों को प्रतिमाह सिर्फ 500 रुपये वेतन दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इतनी कम धनराशि में परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के मद्देनजर ग्राम प्रहरियों को न्यूनतम वेतनमान दिया जाए। उन्होंने ग्राम प्रहरियों को नियमित करने और वर्दी देने और श्रम कानूनों के अंतर्गत मिलने वाले सभी सुविधाएं ग्राम प्रहरियों को देने की मांग की।
वक्ताओं ने ग्राम प्रहरियों को अतिरिक्त कार्य करने पर अतिरिक्त भत्ता देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जुलूस में संगठन अध्यक्ष श्याम सिंह मेहरा, जिला सचिव पूरन सिंह रावत, कोषाध्यक्ष जगदीश सिंह बोरा, जगदीश सिंह, रतन सिंह, प्रमोद गुणवंत, पूरन सिंह, श्याम सिंह, पान सिंह, गोविंद सिंह, मोहन सिंह, सीटू जिला सचिव दिनेश पांडे आदि शामिल थे।
