
चंपावत। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा में दूसरी बार संशोधित परीक्षाफल में भी अनियमितता के मामले प्रकाश में आने लगे हैं। जिले में भी दूसरी बार घोषित संशोधित परीक्षा परिणाम में 31 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। लेकिन पूर्व में सफल घोषित किए गए एक अभ्यर्थी ने संशोधित परीक्षाफल में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। अभ्यर्थी भवान सिंह पुत्र टीका सिंह ओली ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर परीक्षाफल की जांच किए जाने की मांग उठाई है।
अभ्यर्थी भवान सिंह का कहना है उसने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा के चार फरवरी को घोषित किए गए परीक्षा परिणाम में 77.75 अंक प्राप्त किए हैं, तथा उसका नाम सफल अभ्यर्थियों की सामान्य सूची में नवें स्थान में घोषित किया गया था। लेकिन गत पांच जून को संशोधित परीक्षा परिणाम में उससे कम अंक प्राप्त सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी मनोज सिंह पुत्र दीवान सिंह को 77.50 तथा प्रेम चंद पुत्र रामबली को 77.25 अंकों को सफल घोषित किया गया है। जबकि दोनाें अभ्यर्थियों से अधिक अंक भवान सिंह के हैं। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने अभ्यर्थी को मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
