
शिमला। मुख्य सचिव सुदृप्त राय ने कहा है कि हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकों को अपना सीडी रेशो यानी नकद जमा दर सुधारनी होगी। उन्होंने कहा कि हर साल राज्य स्तरीय बैंकर्स कमेटी की बैठक में यह मसला उठता है कि गांवों में बैंकों की जमा दर कमजोर है। उन्होंने कहा कि डीबीटी यानी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण योजना लागू होने के बाद बैंकों की जिम्मेदारी और दायरा बढ़ा है। वह एचडीएफसी बैंक की 6 नई शाखाओं के आनलाइन शुभारंभ पर बोल रहे थे। एचडीएफसी बैंक ने बुधवार को रिकांगपिओ, चौपाल, सुंडली (जुब्बल), राजगढ़, दाड़लाघाट और कुडू (रोहडू) में ये शाखाएं खोलीं। बैंक की ब्रांच बैंकिंग हेड स्मिता भगत ने कहा कि हिमाचल में इस समय एचडीएफसी बैंक की 43 शाखाएं और 77 एटीएम हैं। निजी बैंकों में एचडीएफसी पहले नंबर पर है। जोनल हेड रविंद्र आत्मा ने कहा कि एचडीएफसी बैंक मुख्य सचिव के निर्देशों को पूरा करने की कोशिश करेगा। कलस्टर हेड ध्रुव बरागटा ने कहा कि एचडीएफसी बैंक शहरों की बैंकिंग सेवाएं गांवों में लोगों को जाकर दे रहा है। बैंक इस साल के अंत तक राज्य में अपनी शाखाओं को बढ़ाकर 69 तक पहुंचाएगा।
