
योजना के तहत आप देश में कहीं भी एक एसएमएस के माध्यम से कैश भेज सकते हैं। चंद सेकेंड में ट्रांजेेक्शन होगी। मुख्य पहलू यह है कि इसमें बैंक खाता नंबर की भी जरूरत नहीं होगी। एक समय में न्यूनतम एक हजार और अधिकत्तम दस हजार रुपये की ट्रांजेक्शन होगी। इसके पैसे भेजने वाले की जरूरत के मुताबिक दोहराया जा सकता है। सोलन के मुख्य डाकघर में यह योजना शुरू हो चुकी है। इसके लिए जीपीओ में डाक सहायक को मनी ट्रांसफर के लिए विशेष मोबाइल दिया गया है। सामान्य डाकघरों में भी यह सुविधा मिलेगी। यह सुविधा खासकर उन ग्रामीण क्षेत्रों में लाभदायक होगी जहां बैंक की सुविधा न होने के चलते त्वरित लेन-देन में परेशानी होती है। हालांकि इसके चार्जेस थोड़े से जेब पर जरूर भारी पड़ेंगे। सोलन मुख्य डाकघर के अधीक्षक बालक राम कौशल ने इस सेवा के आरंभ होने की पुष्टि की है।
इस तरह योजना का उठाएं लाभ
उदाहरण के लिए यदि आपको पैसे भिजवाने हैं तो पोस्ट ऑफिस में जाकर एक विशेष फार्म भरना होगा। जिसमें भेजने वाले और कैश प्राप्त करने वाले का मोबाइल नंबर नाम और पिन कोड अंकित करना होगा। डाक सेवक विशेष फोन से आपका मनीआर्डर बुक करके एसएमएस भेजेगा। जिसमें भेजने वाले को पासवर्ड और रिसीव करने वाले को ट्रांजेक्शन आईडी मिलेगी। एक-दूसरे से पासवर्ड और आईडी एक्सचेंज करने के बाद डाकघर में पैसे निकाले जा सकते हैं।
कॉल सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध
मोबाइल ट्रांसफर सेवा में कॉल सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यदि किसी व्यक्ति का मनीआर्डर नहीं पहुंचा है या फिर मनीआर्डर रिसीव नहीं किया है तो 14 दिनों के बाद कॉल सेंटर आपको सूचित करेगा।
पैसे शुल्क
-1000 से 1500 रुपए तक 45 रुपए
– 1500 से 5000 रुपए तक 79 रुपए
– 5000 से 10000 रुपए तक 112 रुपए
