ग्रामीणों ने रोका राजपुरा प्रोजेक्ट का काम

रामपुर बुशहर। अपनी मांगों को लेकर गुस्साए लोगों ने बुधवार को राजपुरा प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य रोक दिया। लंकड़ावीर जन कल्याण समिति के साथ मिल कर लोगों ने परियोजना क्षेत्र पर धरना दिया और प्रबंधन के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि प्रोजेक्ट प्रबंधन न ही पिछले दो सालों से लोगों को फसलों का मुआवजा दे रहा है, न ही प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को प्रोजेक्ट में रोजगार। हालांकि प्रोजेक्ट प्रबंधन ने ग्रामीणों के साथ रोजगार देने का लिखित समझौता किया था लेकिन अब प्रबंधन अपने समझौते से ही पलट गया है।
लोगों का कहना है कि पिछले दो सालों से प्रदूषण के कारण लोगों की फसलों को हुए नुकसान का अभी तक आंकलन नहीं किया गया है। प्रोजेक्ट निर्माण से लोगों के घरों को हो रहे नुकसान का अभी तक मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। लिखित समझौते के अनुसार क्षेत्र के लोगों को रोजगार दिया जाना था लेकिन अभी तक लोगों को रोजगार नहीं मिल पाया है। रोजगार देना तो दूर की बात है कंपनी अपने समझौते से ही मुकर गई है। जबकि नियमों को ताक पर रख कर परियोजना से निकलने वाली मिट्टी को लोगों की जमीन पर डाला जा रहा है जिसके विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को परियोजना का काम रोक दिया है। लोगों ने साफ कर दिया है कि जब तक परियोजना प्रबंधन की ओर से उनकी मांगों को नहीं माना जाता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर लंकड़ावीर जन कल्याण समिति के अध्यक्ष तिलक राज कायत, सचिव राकेश चौहान, दिनेश चौहान, मुकेश मेहता, महिला मंडल की प्रधान विद्या देवी, कमला देवी, चंपा देवी, पितू देवी, मान दासी, सीता देवी, शशी देवी, विनोद कुमार, चरण सिंह, संजीव, प्रदीप, पप्मू, रमेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts