
सिहुंता (चंबा)। स्थानीय विद्युत बोर्ड उपमंडल के अंतर्गत टुंडी अनुभाग के तहत डुग में स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर के जल जाने पर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के कार्यालय का घेराव किया। साथ ही एक दिन में जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने का अल्टीमेटम दिया है। युवा मंडल डुग के प्रधान सुभाष जरयाल ने बताया कि अगर विद्युत बोर्ड जल्द ही जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाता है तो ग्रामीण अपने घरों के मीटर उखाड़ कर बोर्ड के कार्यालय में जमा करवा देंगे। साथ ही बोर्ड के कार्यालय के बाहर अनिश्चित कालीन धरने पर बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से डुग में स्थापित ट्रांसफार्मर खराब चल रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार बोर्ड को अवगत करवा चुके हैं, मगर आश्वासन ही मिलता रहा है। पिछले दो सप्ताह से डुग में स्थित ट्रांसफार्मर जल गया है। विद्युत बोर्ड ने ग्रामीणों को वैकल्पिक सप्लाई अन्य ट्रांसफार्मर से दी है। इसमें कम वोल्टेज होने के कारण लोगों को लाइट के साथ दिया भी जलाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कम वोल्टेज होने के कारण ग्रामीणों के विद्युत उपकरण भी काम नहीं कर रहे हैं। बोर्ड को इस समस्या से अवगत करवाने के बावजूद कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं आया है। बुधवार को नया ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं हुआ तो सभी ग्रामीण वीरवार को बिजली बोर्ड के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे। साथ ही न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
उधर, बोर्ड के सहायक अभियंता सिहुंता राकेश धीमान का कहना है कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए बनीखेत से नया ट्रांसफार्मर मंगवा लिया गया है। एक दिन के भीतर डुग में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर समोट पंचायत के डुग वार्ड सदस्य शकुंतला देवी, महिला मंडल प्रधान अंजू देवी, जोगिंद्र सिंह, अंग्रेज सिंह, रोहित जरयाल, कमलेश, सुभाष और सावित्री देवी उपस्थित रहे।
