ग्रामीणों ने दी आंदोलन की धमकी

रुद्रप्रयाग। जवाड़ी-मल्यासू-कोटली-बांसी मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से गुस्साए लोगों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणाें ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर शीघ्र समस्या हल करने की मांग की।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा डिमरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम से मुलाकात की। उन्होंने डीएम को बताया कि वर्ष 2005-06 में मोटर मार्ग से वंचित जवाड़ी, मल्यासू, कोटली, बांसी के गांवाें को यातायात से जोड़ने के लिए सड़क स्वीकृत हुई, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण अभी तक निर्माण अधर में लटका है। स्थिति यह है कि लोगों को जरूरी सामान के लिए भी करीब 10 किमी की दूरी तय करनी पड़ रही है। मुलाकात करने वालों में मनवर सिंह रावत, मुकेश प्रसाद डिमरी, जीतराम डिमरी, वीरेंद्र सिंह रावत, हृदय राम डिमरी, देवी प्रसाद डिमरी, मनोज प्रसाद डिमरी, सुनील प्रसाद, पंचम सिंह रावत, देवेंद्र सिंह, गोपाल सिंह और परवल सिंह रावत आदि शामिल थे।

Related posts