ग्रामीणों ने डीईओ कार्यालय में किया प्रदर्शन

बागेश्वर। कपकोट ब्लाक के सुदूरवर्ती प्राथमिक विद्यालय लीती में टीईटी शिक्षक ने तैनाती के पांच दिन बाद गरुड़ ब्लाक के लिए वापसी कर ली। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। गुस्साए ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को ग्रामीण वाहनों से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि गत दिनों जिले में टीईटी शिक्षकों को नियुक्ति मिली। जिसमें प्रावि लीती में एक शिक्षिका की तैनाती हुई। आठ अगस्त को उन्होंने ज्वाइन भी किया। लेकिन 12 अगस्त को विभाग से उन्हें नए ओदश मिल गए। वह वहां से कार्य मुक्त होकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय नरग्वाड़ी गरुड़ में तैनात हो गईं। शिक्षा विभाग के इस आदेश से ग्रामीण हक्के-बक्के हैं। ग्रामीणों को कहना है कि शिक्षक के अभाव में वहां अध्ययनरत 72 छात्र-छात्राओं का भविष्य चौपट है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र शिक्षका की वापसी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद प्रसाद, ग्राम प्रधान कौशल्या देवी, सामाजिक कार्यकर्ता खड़क सिंह कोरंगा, भूपाल सिंह, श्याम सिंह, हयात सिंह, नंदन सिंह, प्रताप सिंह, राधा देवी, दीवान सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts