ग्रामीणों ने किया बीडीओ कार्यालय का घेराव

धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर क्षेत्र की डरवाड़ पंचायत के लोगों ने किसान सभा के बैनर तले बीडीओ कार्यालय धर्मपुर का घेराव किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर समय पर मजदूरों की मजदूरी की अदायगी नहीं हुई तो कार्यालय के बाहर किया धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
डरवाड़ पंचायत के ग्रामीण किसान सभा जिला महासचिव भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में खंड विकास कार्यालय धर्मपुर पहुंचे। उनके साथ जिला परिषद सदस्य सज्योपिपलू वार्ड वंदना गुलेरिया, पंचायत समिति अध्यक्ष कुमकुम, पंचायत समिति सदस्य संजय कुमार, पंचायत समिति सदस्य सज्योपिपलू वार्ड रजनीश कुमार व प्रधान डरवाड़ सुरेश कुमार सहित दर्जनों लोग डरवाड़ पंचायत के शामिल थे। ग्रामीणों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि डरवाड़ ग्राम पंचायत में 560 से अधिक मनरेगा रोजगार कार्डधारक हैं, जिन्हें इस वर्ष 2013-14 के दो महीनों में एक भी दिन रोजगार हासिल नहीं हुआ है। पंचायत में मनरेगा के काम तुरंत शुरू किए जाएं। पिछले वित्त वर्ष में किए गए कार्य की मजदूरी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, जिसे शीघ्र जारी किया जाए। डरवाड़ पंचायत में पिछले दो वर्षों से स्थाई सचिव नहीं है। ग्राम पंचायत में नियुक्त तकनीकी सहायक का तबादला रद किया जाए। मनरेगा कार्य प्रारंभ होने से पूर्व उस मस्ट्रोल के तहत किए जाने वाले कार्य का निर्धारण किया जाए और मस्ट्रोल समाप्त होने पर कार्य का मूल्यांकन जल्दी किया जाए। इस समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य बंदना गलेरिया के नेतृत्व में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मंडी में मिलेगा और उन्हें पूरी वास्तविक स्थिति से अवगत करवाएगा।
कार्यकारी विकास खंड अधिकारी रमेश चंद ने उपस्थित जनसमूह को आश्वासन दिया कि पंचायत में समय पर मनरेगा के कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे और आगे पंचायत में ऐसी समस्या न आए, इसका ख्याल रखा जाएगा। इस मौके पर बालम राम, केहर सिंह, टेक चंद, रूप चंद, जीतराम, संजय, प्रेम सिंह, रूपलाल, कश्मीर सिंह, पवन कुमार, ओम चंद व मेघ सिंह के अलावा दर्जनों महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

Related posts