ग्रामीणों तक पहुंचाएं स्वास्थ्य कार्यक्रम

चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल के सभागार हाल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पुखरी ब्लाक की हेल्थ वर्करों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। ट्रेनिंग में मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. राकेश वर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा, बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी एसके चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत आशा वर्कर का काम कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार के स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी वर्करों का संबंधित क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ काफी तालमेल होता है। वे अच्छे से ग्रामीणों को स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में जागरूक कर सकती हैं। डा. राकेश वर्मा ने आंगनबाड़ी वर्करों को स्वास्थ्य योजनाओं का बेहतर तरीके से प्रचार प्रसार करने का भी आह्वान किया। बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने उपस्थित हेल्थ वर्करों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषाहार और कुपोषण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मां के पेट में पल रहे बच्चे की अच्छी सेहत के लिए गर्भवती का खान-पान पौष्टिक और संतुलित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेट में पल रहे जिस बच्चे को पौष्टिक व संतुलित आहार नहीं मिल पाता है, वे बच्चे अकसर पेट की बीमारियों के शिकार होते हैं। उन्होंने कहा कि बीमारियों से बचने के लिए उचित खानपान बेहद जरूरी है। दिन में तीन बार पौष्टिक भोजन करना बेहद जरूरी है। इससे बीमारियों से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता को बल मिलता है। इस मौके पर डा. रामकमल भी मौजूद थे।

Related posts