
चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि में नियुक्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे सौंदकोटी और दिखोलगांव के लोगों ने विवि को नई टिहरी या फिर नरेंद्रनगर ले जाने पर रोष जताया। ग्रामीणों ने विवि में तालाबंदी न करने पर सहमति जताई है। धरना स्थल पर पहुंचकर एसडीएम डा.आशीष कुमार श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को सोमवार पूर्वाह्न 11.30 डीएम से वार्ता के लिए नई टिहरी पहुंचने का आमंत्रण दिया।
श्रीदेव सुमन विवि में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों पर होने वाली नियुक्तियों में सौंदकोटी और दिखोलगांव के युवाओं को वरीयता देने की मांग को लेकर पांच दिनों से ग्रामीणों ने विवि में तालाबंदी की हुई है। जिससे विवि में कोई कामकाज नहीं हो पा रहा है। तालाबंदी का असर विवि के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित करने और 28 जुलाई को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा पर सीधे तौर पर पड़ रही है। ग्राम प्रधान संगठन और विवि बनाओ संयुक्त संघर्ष समिति ने कहा कि कुछ रसूखदार लोग अपने निहित स्वार्थों के लिए ग्रामीणों को आंदोलन के लिए भड़का रहे है। यही लोग विवि को नई टिहरी या फिर नरेंद्रनगर शिफ्ट करने की तैयारी में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के आंदोलन को भी इसी नजरिये से ऐसे लोग हवा दे रहे हैं।
