गौशाले में 12 फीट लंबा किंग कोबरा घुसा

मौलेखाल। कार्बेट से सटे सारुड़ गांव की एक गौशाला में रविवार की रात 12 फीट लंबा किंग कोबरा घुसने से दहशत फैल गई। गृह स्वामी केशव दत्त के जानवर उस वक्त बाहर बंधे थे। रात्रि में जब जानवरों को गौशाले में बांधने की तैयारी चल रही थी। उस वक्त कोबरा नजर आया। जमरिया गांव निवासी एक युवक ने किंग कोबरा को पकड़कर वन कर्मियों के हवाले कर दिया।
सारुड़ गांव जिम कार्बेट पार्क से सटा हुआ है। अक्सर इस गांव में जंगली जानवर, सांप आदि वन्य जीव दिख जाते हैं। इसी गांव में रविवार की रात केशवदत्त की गौशाला में 12 फीट लंबा किंग कोबरा घुस आया। रात में जब केशव दत्त जानवरों को गौशाले में बांधने जा रहे थे, तब उन्होंने किंग कोबरा को देखा। धीरे-धीरे वहां ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। केशवदत्त ने पास के ही जमरिया गांव निवासी संजय परोड़िया को बुलाया। संजय कार्बेट पार्क में गाइड का काम करता है। उसे सांप पकड़ने में महारथ हासिल है।
संजय ने सारुड़ गांव आकर गौशाले से कोबरा को पकड़ लिया। सूचना के बाद सोमवार की सुबह मोहान रेंज के वन क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण सिंह और वन दरोगा प्रेम सिंह गांव पहुंचे और किंग कोबरा को पकड़कर जंगल में छोड़ आए। मालूम हो कि गत वर्ष जमरिया गांव की एक गौशाले में 15 फीट लंबा किंग कोबरा घुस गया था। उस बार भी संजय परोड़िया ने ही कोबरा को पकड़ा था।

Related posts