
बलद्वाड़ा (मंडी)। तहसील बलद्वाड़ा के ककड़ूही गांव में अवैध शराब की बड़ी खेप पुलिस के हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर हटली पुलिस ने जब आरोपी के घर पर दबिश दी तो अवैध शराब की कुल 81 पेटियां बरामद हुई। अवैध शराब को गौशाला में छुपाकर रखा गया था। आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को बलद्वाड़ा पुलिस सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में गश्त पर थी। इस दौरान ककड़ूही गांव में अवैध शराब की उक्त खेप होने की सूचना मिली। पुलिस ने गुप्त सूचना पर ककड़ूही निवासी राजेंद्र कुमार उर्फ मंगा राम पुत्र नरपत राम के घर पर दबिश दी तो चंडीगढ़ ब्रांड रम की कुल साठ पेटियां पुलिस के हाथ लगीं। अवैध शराब की इस पूरी खेप को राजेंद्र कुमार ने घर के साथ लगती गौशाला के अंदर तथा पिछवाड़े में छुपा रखा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले कई दिन से अवैध शराब के कारोबार को अंजाम दे रहा था। जिसकी बार-बार शिकायतें मिल रही थीं। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने अवैध शराब की खेप को कब्जे में ले लिया है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि शराब माफिया को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
