गोविंद सागर में बह गया पट्टा का युवक

बिलासपुर। अपनी मां के साथ मछलियों को आटा डालने गया कल्लर पंचायत के पट्टा गांव का एक युवक पांव फिसलने से गोबिंद सागर में जा गिरा। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक पानी का तेज बहाव युवक को बहा ले गया था। पुरजोर प्रयासों के बावजूद उसका कुछ पता नहीं चल पाया।
लोक निर्माण विभाग में कार्यरत पट्टा निवासी बालकराम का 23 वर्षीय बेटा राकेश बुधवार सुबह अपनी मां मीरा देवी के साथ मछलियों को आटा डालने के लिए गोबिंद सागर के किनारे गया था। मां-बेटा हाथों में छाता थामे आटे की गोलियां बनाकर जलाशय में डालते रहे। इसके बाद राकेश हाथ-पैर धोने की बात कहते हुए नीचे की ओर उतरने लगा। अचानक पांव फिसलने से वह सीधे पानी में जा गिरा। आंखों के सामने बेटे को पानी में गिरते देख मां बदहवास हो उठी। उसकी चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग तत्काल वहां पहुंच गए। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस ने भी काफी प्रयास किए, लेकिन नतीजा शून्य रहा।
इकलौते व जवान बेटे के साथ हुई इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं। क ल्लर पंचायत के पूर्व प्रधान रामशरण ठाकुर ने बताया कि पानी में बहे राकेश का शाम तक भी कुछ पता नहीं चल पाया है। एक-दो माह के बाद राकेश की बहन की शादी होने जा रही है। परिजन बेटी की शादी की तैयारी में जुटे थे, लेकिन इसी बीच यह घटना हो गई।

Related posts