
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ शहर की एकमात्र गोल मार्केट में खड़े दोपहिया वाहनों के खड़े होने से यह स्थल अब पार्किंग में तबदील होकर रह गया है। गोल मार्केट में क्लीनिक, मोबाइल, दवाइयों, स्टेशनरी और कपड़ों आदि की दुकानें हैं, जिसमें प्रतिदिन लोग यहां खरीददारी करने आते हैं और खासकर लोग यहां अपने मरीजों को क्लीनिकों में चैकअप करवाने को लाते हैं।
ऐसे में दोपहिया वाहनों के पार्क होने से लोगों को आवाजाही के लिए रास्ता ही नहीं मिल पाता है, जिससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं लोगों को भी आने जाने में काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि कई बार नगर परिषद और पुलिस को इस बारे में अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन किसी ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। दुकानदारों में जीवनजोत सिंह, रूपेश, आतिश, राजदेव, डा. संजय गुप्ता और मंजू आदि ने कहा कि पहले यहां चार पहिया वाहन भी खड़े होते थे, जिसे दुकानदारों ने लोहे की जंजीर लगवाकर बंद कर दिया था। उन्होंने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि इन दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
मनचलों का भी बना अड्डा
गोल मार्केट मनचलों का अड्डा बनकर रह गई है। यहां मजनूं उस समय ज्यादातर खड़े रहते हैं, जब स्कूल, आईटीआई और पालीटेक्निक कालेज की छात्राएं आती-जाती हैं। जिससे छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पुलिस लेगी कड़ा संज्ञान : डीएसपी
डीएसपी नालागढ़ प्रवीण धीमान ने कहा कि वाहनों के पार्क करने और मनचले युवकों पर नकेल कसने के लिए पुलिस कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी।
