
कोरोना महामारी के प्रति चलाए गए जागरूकता मिशन फतेह मुहिम को भारी समर्थन मिला है। इसे देखते हुए कैप्टन ने मिशन को और दो महीने बढ़ाने का फैसला किया है। इसके साथ ही उन्होंने अगले चरण के तौर पर डायमंड सर्टिफिकेट का भी एलान किया। मुख्यमंत्री ने मिशन फतेह के तहत 15 जून से 15 जुलाई तक महीना भर चले मुकाबलों के सात विजेताओं को बधाई दी।
इन विजेताओं में नेहा (बठिंडा), मीना देवी (अमृतसर), मनिन्दर सिंह (श्री मुक्तसर साहिब), जसबीर सिंह (गुरदासपुर), गुरसेवक सिंह (कपूरथला), मनबीर सिंह (फाजिल्का) और बलविन्दर कौर (लुधियाना) शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने दूसरे लोगों को भी मिशन फतेह मुकाबले में हिस्सा लेने की अपील की। 100 मिशन योद्धाओं को 16 जुलाई तक मुकाबला जीतने पर गोल्ड सर्टिफिकेट दिया जा चुका है। इस मुकाबले में 3.2 लाख ने हिस्सा लिया। इस बढ़ाई गई मुहिम के दौरान गोल्ड सर्टिफिकेट विजेता और गोल्ड, सिल्वर या ब्रांज (स्वर्ण, रजत और कांस्य) सर्टिफिकेट जीतने के लिए योग्य नहीं होंगे लेकिन वह डायमंड सर्टिफिकेट जीतने के लिए इस मुकाबले में आगे हिस्सा ले सकेंगे।
