गोली चलाने के आरोपी ने किया आत्मसमर्पण, जेल भेजा

अल्मोड़ा। सर्राफ तिलक राज वर्मा की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आरोपी विशाल नेगी ने शुक्रवार रात कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। शनिवार को उसे सीजेएम की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी से रिवाल्वर भी बरामद कर लिया है।
बीती सोमवार की रात सर्राफ तिलक वर्मा और विशाल नेगी बख्शीखोला स्थित तिलक राज वर्मा की दुकान पर बैठे थे। इस बीच खेल-खेल में विशाल की रिवाल्वर से चली गोली तिलक वर्मा के सिर पर जा घुसी। उन्हें गंभीर हालत में हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस आरोपी विशाल नेगी की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे विशाल नेगी ने कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने विशाल नेगी के पास से वह रिवाल्वर भी बरामद कर लिया है जिससे गोली चली थी। पुलिस ने शनिवार को आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद सीजेएम की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे धारा 304 के तहत जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है और फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Related posts