गोठलू गांव में पेयजल को हाहाकार

गैहरा (चंबा)। क्षेत्र की कु नेड पंचायत के गोठलू गांव में पेयजल संकट पैदा हो गया है। हालत यह है कि एक माह से पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। इस कारण ग्रामीणों को पानी के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों का रुख करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से छौ नाला से गोठलू के लिए पेयजल लाइन बिछाई गई है, लेकिन लाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण गोठलू गांव तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गांव के नल एक माह से सूखे पड़े हैं। स्थानीय निवासी रमेश, राकेश, मचली, धोबी, निर्मला और देस राज ने बताया कि पानी की सप्लाई ठप होने के कारण उन्हें दो किलोमीटर दूर स्थित प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या को लेकर कई बार सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को अवगत करवाया गया है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आईपीएच विभाग से मांग की है कि गोठलू गांव में जल्द पानी की सप्लाई सुचारु की जाए। उधर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता आरसी कपूर ने बताया कि ऐसी शिकायत उन्हें नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो जल्द गांव में पानी की सप्लाई सुचारु करवाई जाएगी।

Related posts