गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक खाई में गिरा, दो घायल

अल्मोड़ा/धौलछीना। हल्दूचौड़ से भरे गैस सिलेंडर लेकर डीडीहाट जा रहा एक ट्रक शुक्रवार रात कसाणबैंड के समीप 15 मीटर गहरी खाई में गिर गया। जिसमें चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से बेस अस्पताल अल्मोड़ा पहुंचाया गया। ट्रक में 234 घरेलू गैस से भरे सिलेंडर थे। संयोग से बड़ा हादसा टल गया।
हल्दूचौड़ से भरे गैस सिलेंडर लेकर ट्रक संख्या यूके04-सीए-4376 शुक्रवार रात कसाणबैंड से चार किमी आगे संकरे मोड़ में असंतुलित होकर 15 मीटर गहरे खड्ड में जा गिरा। दुर्घटना में चालक दान सिंह और परिचालक भरत गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सड़क पर लाकर108 एंबुलेंस से उपचार के लिए अल्मोड़ा भेजा गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के पटवारी जुगल किशोर पांडे और जगदीश देवड़ी ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
बेस अस्पताल के सीएमएस डा. एचसी गड़कोटी ने बताया कि दोनों घायलों की हालत में सुधार है। मालूम हो कि अल्मोड़ा-सेराघाट सड़क लंबे समय से बदहाल है। इस सड़क में कसाण बैंड के बाद 17 जून को हुई बस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 36 लोग घायल हो गए थे। पांच दिन के भीतर इस सड़क में यह दूसरी दुर्घटना है।

Related posts