गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

हल्द्वानी। पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने बरेली रोड स्थित कृष्णा कालोनी में छापामारी कर गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया है। गैस रिफिलिंग का अवैध कारोबार एक घर में चल रहा था। पुलिस ने घर से 16 घरेलू गैस सिलेंडर, एक छोटा सिलेंडर और गैस रिफिलिंग करने वाले उपकरणों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिला पूर्ति निरीक्षक राहुल शर्मा के मुताबिक बरेली रोड़, कृष्णा कालोनी में गैस रिफिलिंग की सूचना पर मंडी चौकी पुलिस और पूर्ति निरीक्षकों की टीम गठित की गई। टीम ने गुरुवार सुबह घर में छापा मारा। घर से इंडेन एवं भारत गैस के 16 घरेलू सिलेंडर, एक छोटा सिलेंडर (पांच किलो) के साथ रिफिलिंग करने वाली तीन बांसुरियां और तराजू बांट बरामद हुए। टीम ने गैस रिफिलिंग के अवैध कारोबार में घर के मालिक शंभू नाथ केसरवानी, उनकी पत्नी मोनी केसरवानी और घर में काम करने वाले सुबोध कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
जिला पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि बरेली रोड में अधिकांश आटो गैस अवैध किट से चलते हैं, जिनमें पांच किलो का गैस सिलेंडर इस्तेमाल होता है। शंभूनाथ घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर आटो में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडरों में भरकर बेचता था। पांच किलो का सिलेंडर 400 रुपये में बेचा जाता था। शंभूनाथ एक घरेलू सिलेंडर से करीब 1150 रुपये कमाता था। वह घरेलू गैस सिलेंडर आठ सौ से लेकर एक हजार रुपये में ब्लैक भी बेचता था। शंभूनाथ के घर में रहने वाला सुबोध कुमार ग्राहकों को सिलेंडरों की डिलवरी देता था।
डीएसओ के मुताबिक गिरफ्तार तीनों लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और द्रव्यकृत पेट्रोलियम पदार्थ वितरण एवं विनिमय 2000 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। छापामार टीम में मंडी चौकी प्रभारी नीरज भाकुनी, फिरोज अहमद, मनोज जोशी के अलावा पूर्ति निरीक्षक जगमोहन नगी और रवि सनवाल मौजूद थे।

Related posts