गैस देने गए वाहन को जबरन लौटाया

करसोग (मंडी)। घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा आखिर फूट ही पड़ा। गैस की सप्लाई लेकर जैसे ही वाहन करसोग के सराहन गांव में पहुंचा तो गुस्से से लाल ग्रामीणों ने गैस सिलेंडर लेकर आए कर्मचारियों को डंडों और पत्थरों से दौड़ाकर भगा दिया। यहां दर्जनों उपभोक्ता सिलेंडर लेने की आस में खड़े थे लेकिन वाहन में महज दस पंद्रह सिलेंडर देखकर लोग भड़क उठे। इस पर उपभोक्ताओं ने डंडे और पत्थर दिखाकर कर्मचारियों को वहां से उल्टे पांव लौटने पर मजबूर कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
रसोई गैस सिलेंडरों को लेकर यहां मारामारी है। उपमंडल करसोग में शनिवार को कुछ ऐसा ही हुआ। जहां गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान लोग गैस वितरकाें पर बरस पड़े। जैसे ही गाड़ी गांव में पहुंची लोगाें ने डंडे-पत्थर लेकर विरोध शुरू कर दिया। लोग रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत से परेशान हैं। गैस की खपत बढ़ने और आपूर्ति न होेने से अब लोग गैस वितरकों के साथ लड़ाई-झगडे़ पर उतारू हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार शनिवार को करसोग गैस एजेंसी से कर्मचारी च्वासी इलाके के ग्वालपुर से रसोई गैस सिलेंडरों की सप्लाई लेकर आ रहे थे। इसके बाद अशला कोटी से आगे सराहन गांव की ओर जा रहे थे। इस बीच उनके पास केवल पंद्रह से बीस सिलेंडर ही बचे थे। जैसे ही गाड़ी सराहन गांव पहुंची तो करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने हाथ में डंडे और पत्थर लेकर गैस सिलेंडरों के वितरण का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद लोग लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो गए। लोगाें के भारी आक्रोश को देख गैस वितरण के लिए गए कर्मचारी बड़ी मुश्किल से वापस लौटे। हालांकि किसी को कोई चोटें नहीं आई हैं। मामले की गाड़ी चालक जोवन दास, सिकंदर, खेम राज और अनंत राम ने कार्य में बाधा डालने पर करसोग थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है। करसोग पुलिस थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

Related posts