गैस गोदाम में आग भड़की, तीन झुलसे

नारायणबगड़। आमसौड़ स्थित भारत गैस सर्विस के गोदाम में रविवार तड़के सिलेंडर में विस्फोट होने से आग भड़क गई। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी कर्णप्रयाग में प्राथमिक उपचार के बाद झुलसे श्रमिकों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
कर्णप्रयाग थाने में दी गई तहरीर में भारत गैस सर्विस सेंटर के प्रबंधक धीरेंद्र चौधरी का कहना है कि रविवार तड़के चार बजे ट्रक से सिलेंडर उतारे जा रहे थे। इस दौरान एक सिलेंडर में आग के गुबार के साथ जोरदार धमाका हुआ, जो गोदाम की टिन की छत को तोड़कर पिंडर नदी में जा गिरा। ट्रक से सिलेंडर उतार रहे राजेंद्र कुमार (28), अनुराग कुमार (23), सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अमित कुमार ने अपने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
चिकित्सक डा. ठाकुर सिंह ने बताया कि उक्त तीनों में एक 93 प्रतिशत झुलसा था। दो अन्य क्रमश: 45 और 38 प्रतिशत झुलसे थे। वर्न वार्ड न होने से प्राथमिक उपचार के बाद उक्त में से एक को देहरादून और दो को बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया था।
थाना प्रभारी पीसी भट्ट ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त तीनों मजदूर ट्रक से भरे सिलेंडर उतारकर गोदाम में रख रहे थे। इसी दौरान गोदाम में ही एक सिलेंडर ने आग पकड़ ली। लेकिन सिलेंडर के तेज आग पकड़ने के चलते तीनों झुलस गए। सिलेंडर राकेट की रफ्तार से छत को तोड़कर पिंडर नदी में जा गिरा। गोदाम में रखे अन्य सिलेंडर को नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन एजेंसी प्रबंधक को सुरक्षा की दृष्टि से सभी सिलेंडर की चेकिंग के लिए कहा गया है।

Related posts