गैर आपदा प्रभावित लोग भी टूट रहे हैं राहत सामग्री में

पिथौरागढ़/मुनस्यारी। अब तक आपदा राहत सामग्री दूरस्थ इलाकों तक न पहुंचने की ही बातें सामने आ रही थीं लेकिन अब आपदा राहत के तहत सीमांत में बांटी जा रही सामग्री पर गैर आपदा प्रभावितों के टूट पड़ने के मामले सामने आने लगे हैं।
मुनस्यारी विकासखंड के चिफलतरा (मदकोट) में राहत सामग्री बांटकर लौटे पूर्व छात्रसंघ महासचिव कैलाश कोरंगा ने बताया कि आपदा राहत का वाहन इलाके में पहुंचते ही मौके का फायदा उठाने के लिए गैर आपदा प्रभावित भी वाहन पर टूट पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान ने 35 लोगों की लिस्ट उन्हें दी थी लेकिन लेकिन मौके पर 250 से अधिक लोग हाथों में थैले लेकर पहुंच गए। इन लोगों में आपस में ही आपदा पीड़ित होने, न होने को लेकर विवाद भी होने लगा।
अब तक सड़क से लगे इलाकों में ही अधिकतर राशन बांटे जाने की बातें सामने आ रही थी लेकिन इस प्रकरण के सामने आने से साफ हो गया है कि फर्जी लोगों की जमात लूट के लिए खड़ी है। ऐसे में राहत सामग्री वास्तविक प्रभावितों तक पहुंचाना बड़ी चुनौती है। इस बीच बरम (धारचूला) निवासी आपदा प्रभावित शांति देवी ने बताया कि इलाके में अब तक केवल एक ही बार राहत सामग्री बंटी है।

Related posts