गैंड़ाखाली और नायकगोठ में घुसा हाथी

टनकपुर। जंगल से लगे गांवों में हमलावार एकल हाथी का आतंक थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार की रात हाथी ने नायकगोठ और गैंड़ाखाली गांव में एक दर्जन काश्तकारों की खेतों में खड़ी धान की फसल रौंदकर नष्ट कर दी है। हाथी की लगातार दस्तक से ग्रामीणों में खौफ बना हुआ है।
पूर्णागिरि मार्ग के जंगल से सटे गांवों में इन दिनों हमलावर एकल हाथी का खौफ बना हुआ है। आए दिन गांवों में घुस रहा हाथी काश्तकारों की खेतों में खड़ी धान की फसल तबाह कर रहा है। बृहस्पतिवार की रात हाथी ने नायकगोठ में देवेंद्र सिंह, हरीश राम, नारायण राम, जोगी राम, गणेश राम और गैंड़ाखाली गांव में मान सिंह, गणेश राम, वासुदेव जोशी, बहादुर सिंह, तारा दत्त भट्ट, हरीश पुनेठा की करीब एक एकड़ से अधिक फसल नष्ट की है। आए दिन हाथी आतंक मचा रहा है, लेकिन वन विभाग और प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है, जिससे ग्रामीणों में खासा रोष बना हुआ है। रेंजर नवीन रौतेला का कहना है कि हाथी के आतंक से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। हाथी को पकड़कर अयंत्र ले जाने पर विचार किया जा रहा है।

Related posts