
अल्मोड़ा। दो नाबालिग नेपाली लड़कियों के साथ गैंग रेप करने वाले पांचों आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार रात में गिरफ्तार कर लिया है। पांचों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मालूम हो कि दो नेपाली किशोरियां बुधवार शाम करीब पांच बजे करबला के निकट होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के पास से अपने घर की तरफ जा रही थीं। इस बीच बाइकों में सवार होकर आरोपी वहां पहुंच गए और उन्होंने दोनों किशोरियों को घेर लिया और जबरन खींचकर पास के जंगल में ले गए। वहां पांचों ने किशोरियों के साथ मारपीट की और उसके बाद दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उनकी अश्लील फिल्म भी बना ली और धमकाया कि किसी को घटना के बारे में बताने पर अश्लील फिल्म को सबको दिखाएंगे।
इस मामले की रिपोर्ट बृहस्पतिवार की शाम दर्ज कराई गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने रात में ही पुलिस उपाधीक्षक केएस ह्यांकी के नेतृत्व में आरोपियों के घरों में ताबड़तोड़ छापे मारे और पीड़ित लड़कियों की निशानदेही पर पांचों आरोपियों सुंदर कनवाल पुत्र पान सिंह, अर्जुन कनवाल पुत्र त्रिलोक सिंह, मनोज कनवाल पुत्र उमेद सिंह, बलवंत सिंह पुत्र पूरन सिंह (चारों निवासी खत्याड़ी अल्मोड़ा) और मो. फिरोज उर्फ राहुल पुत्र मो.हुमायूं निवासी जिला उद्योग केंद्र के निकट अल्मोड़ा को धारा 363, 366, 376डी, 506 और लैंगिक अधिनियम 2012 के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पांचों आरोपियों का शुक्रवार को मेडिकल परीक्षण करवाकर सीजेएम की अदालत में पेश किया। अदालत ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जबकि दोनों किशोरियों का बृहस्पतिवार रात ही मेडिकल परीक्षण करा दिया गया। पुलिस उपाधीक्षक ह्यांकी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में बलात्कार की पुष्टि हुई है। पीड़ित लड़कियों के 17 जुलाई को अदालत में बयान कराए जाएंगे।
