गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम

नालागढ़ (सोलन)। मार्ग की खस्ता हालत को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने नालागढ़ – ढेरोंवाला मार्ग जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक लगे इस जाम में प्रदर्शनकारियों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रही।
ढेरोंवाला गांव के लज्जा राम, अशोक कुमार, हरभजन सिंह, अमित कुमार, पालो देवी, गुरमेल, पुनीत और हरिओम के नेतृत्व में चार दर्जन लोगों ने नालागढ़-ढेरोंवाला मार्ग पर जाम लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विभाग के अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बाद भी मार्ग की हालत ठीक नहीं हो पाई है। मार्ग ठीक न होने से वाहन चालकों को वाहन चलाने में काफी दिक्कत हो रही हैं। सड़क तीन-तीन फीट के गड्ढे पड़ गए हैं। दोपहिया वाहन ही मार्ग पर नहीं चल रहे हैं। बार-बार विभाग को कहने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
वहीं मार्ग बंद होने से वाहनों की दोनो ओर लंबी लंबी कतारें लग गई थी। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सूचना मिलते ही नालागढ़ से तहसीलदार हरनोट और थाना प्रभारी चमन लाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार के शीघ्र मार्ग की हालत में सुधार करने का आश्वासन देने के बाद लोगों ने जाम खोला। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही इसे ठीक नहीं किया तो उन्हें मजबूरन आंदोलन को तेज करना पड़ेगा।
मार्ग अवरुद्ध करने पर आठ लोगों को मामला दर्ज
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ पुलिस ने ढेरों वाला मार्ग पर जाम लगाने के चलते आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं इस संबंध में डीएसपी सुनील शर्मा ने बताया कि पुलिस ने लज्जा राम, अशोक कुमार, हरभजन सिंह, अमित कुमार, पालो देवी गुरमेल, पुनीत और हरिओम के खिलाफ मार्ग अवरुद्ध कर आम लोगों को परेशान करने पर धारा 341 और 143 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Related posts