
मौलेखाल। मंगलवार रात हुई भारी बारिश से सल्ट क्षेत्र की सबसे बड़ी गुलार-करगेत और नैकणा-मौलेखाल पेयजल योजनाएं ध्वस्त हो गई हैं। इससे सल्ट क्षेत्र के चार दर्जन गांवों की पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है और पेयजल संकट गहरा गया है। इन इलाकों की करीब 20 हजार आबादी को दो दिन से पानी नहीं मिल पाया है। क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान से पेयजल योजनाओं को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है।
भारी बारिश से गुलार-करगेत योजना पैसिया के पास क्षतिग्रस्त हो गई है। इस योजना के 50 मीटर पाइप बह गए हैं। इससे पैसिया, सुवापानी, नकुचिया, कालीगांव, जालीखान, मौलेखाल, सल्ट ब्लाक मुख्यालय, तहसील मुख्यालय आदि इलाकों में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। वहीं नैकणा-मौलेखाल योजना के नैकणा स्थित जल स्रोत में मलबा आने से चेंबर पूरी तरह ध्वस्त हो गया है और पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस योजना से तल्ली-मल्ली भवाली, कबराढईया, ढोपरी, कुन्हील, नपटवा, पोखरी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल, शशिखाल, शकरखोला आदि गांवों को दो दिन से पानी की सप्लाई नहीं हुई है।
दोनों पेयजल योजनाओं ध्वस्त होने से इन क्षेत्रों के चार दर्जन गांवों की करीब 20 हजार आबादी को दो दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो सकी है। कई स्थानों पर लोग 20 रुपये प्रति कनस्तर की दर से पानी खरीदकर प्यास बुझा रहे हैं। इधर संस्थान के अवर अभियंता बलविंदर सिंह का कहना है कि दोनों लाइनों की मरम्मत के लिए पाइप मंगा लिए गए हैं। जल्द ही क्षतिग्रस्त योजनाओं को सुचारू कर दिया जाएगा।
