गुलाबा की वादियां पर्यटकों से गुलजार

पलचान (मनाली)। देश के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के साथ ही सैलानी अब पहाड़ों का रुख करने लगे हैं। मनाली में इन दिनों पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मनाली-रोहतांग मार्ग पर गुलाबा स्थित स्नो प्वाइंट में इन दिनों पर्यटक भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। सोलंगनाला में बर्फ पिघलने के बाद अब सैलानी बर्फ के साथ अठखेलियां करने को गुलाबा में पहुंच रहे हैं। गुलाबा में इन दिनों पांच सौ के करीब पर्यटक वाहन रोजाना पहुंच रहे हैं। सैलानी गुलाबा में स्नो स्कूटर सवारी के अलावा घुड़सवारी तथा स्लेज का भी खूब लुत्फ ले रहे हैं। सैलानी अपने कैमरों में रोहतांग की हसीन वादियों को कैद कर रहे हैं। भारी बारिश के कारण यहां का मौसम काफी ठंडा हो रहा है, बावजूद इसके पर्यटक ठंड में भी बर्फ के साथ जमकर अठखेलियां कर रहे हैं। केरल से परिवार समेत आए बालचंद्र ने बताया कि यह बहुत सुंदर जगह है। इससे पहले उन्होंने मनाली की वादियों को केवल फिल्मों में देखा था। वह यहां पर बार-बार आना चाहेंगे। भोपाल से आए सुंदर जौहर और उनकी पत्नी रीमा जौहर ने बताया कि उन्होंने यहां आकर ढेर सारी मस्ती के पल गुजारे हैं और वे इन पलों को और यहां की वादियों को अपने कैमरे में कैद करके साथ ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे मनाली आने के लिए अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भी प्रेरित करेंगे।

Related posts