
पीपलकोटी (चमोली)। बंड क्षेत्र में गुलदार एक के बाद एक मवेशियों को निवाला बना रहा है। इससे ग्रामीण सहमे हैं। एक सप्ताह में गुलदार क्षेत्र में सात मवेशियों को मार चुका है। भयभीत ग्रामीण शाम होते ही घरों में दुबक रहे हैं। रात को ग्रामीण ढोल-नगाडे़ बजाकर गुलदार को भगा रहे हैं।
शनिवार रात किरुली गांव के गोविंद लाल, गडोरा के राकेश डबराल, अगथला गांव के राम सिंह के मवेशियों को निवाला बना चुका है। ग्रामीण शाम होते ही गुलदार को भगाने के लिए गांवों की सीमा पर हल्ला मचा रहे हैं। गुलदार के डर से बच्चे स्कूल जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीण देवेंद्र नेगी, दौलत सिंह, वीरेंद्र चौहान, हरीश वैष्णव, जयंती मटियाल, अयोध्या प्रसाद हटवाल, चंद्रमोहन और देवेंद्र सिंह राणा ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग उठाई है। कहा कि वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई गई, लेकिन अभी भी स्थिति जस की तस बनी है। वन दरोगा शरद चंद्र कंडारी का कहना है कि क्षेत्र में वन कर्मियों की टीम भेजकर गुलदार को खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिक दिक्कत होने पर पिंजरा लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा।
